
राजधानी दिल्ली में बारिश ने बढाई ठिठुरन, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
लगभग बीते 24 घंटे से दिल्ली-एनसीआर में रूक-रूक कर बारिश हो रही है। लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ ने राजधानी में बारिश का नया रिकॉर्ड बना दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में दिल्ली- एनसीआर में बारिश का दौर जारी रहेगा। सोमवार से मौसम खुलने की संभावना है।
विभाग ने अलर्ट किया था जारी
आपको बता दें कि, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश की संभावना जताई थी। वहीं बीते दिन तड़के शुरू हुआ बारिश का दौर देर शाम तक जारी रहा। दोपहर में रुक-रुक कर बारिश होती रही और बादल छाए रहे। बीते 24 घंटे में सुबह साढ़े आठ बजे तक 4.9 और शाम साढ़े पांच बजे तक 0.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बर्फीली हवाएं चलने की संभावना
बारिश के चलते तापमान में भी अधिक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, अगले 24 घंटे में बादल छाए रहने के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता खत्म होने के बाद बर्फीली हवाएं चल सकती हैं। इससे तेजी से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी जो कि, लुढ़क कर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।