
अयोध्या: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को अयोध्या में जन विश्वास यात्रा के अंतर्गत आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘भ्रष्टाचार के इत्र’ की दुर्गंध से पता चल रहा है, सपा के पापों की जड़ें कितनी गहरी हैं। इन जड़ों पर जब वार हो रहा है तो अखिलेश जी… आप ‘छटपटा’ क्यों रहे हैं? इस भूमि ने वर्षों तक प्रभु श्रीरामलला के जन्मस्थान के लिए संघर्ष किया है। यहां अनेक बार विनाश भी हुआ, निर्माण भी हुआ। मगर, हर बार विनाश पर निर्माण ने विजय प्राप्त की।
रामलला का मंदिर उसी स्थान पर बन रहा: शाह
केंद्रीय सहकारिता मंत्री ने पूछा, कार सेवकों पर किसने गोलियां चलवाईं? राम नवमी के उत्सव को किसने बंद किया था? दीपोत्सव को किसने बंद किया था? राम भक्तों पर डंडा किसने चलाया था? ये हमको याद रखना चाहिए। जब देश के जनता ने पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाई, नरेंद्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बने और आज मैं देख कर आया हूं कि रामलला का मंदिर उसी स्थान पर आज बन रहा है।
अमित शाह ने कहा कि बुआ-बबुआ के शासन में हमारी आस्था का सम्मान नहीं होता था। आज नरेंद्र मोदी जी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी जी आस्था को गौरव प्रदान करने का काम कर रहे हैं। भाजपा की सरकार में अयोध्या को अपना प्राचीन गौरव वापिस मिला है। यहां पर प्रभु श्री राम के नाम पर श्री राम अन्तराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन रहा है, जो दुनिया भर के राम भक्तों को अयोध्या लाने का कार्य करेगा।
फिर किया 3 P का जिक्र
गृह मंत्री शाह ने इस दौरान फिर सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साधा और 3 P का जिक्र किया। उन्होंने कहा, सपा के शासन में तीन ‘P’ हुआ करते थे-
1- परिवारवाद
2- पक्षपात
3- पलायन
जबकि भारतीय जनता पार्टी तीन ‘V’ के आधार पर चलती है-
1- विकास
2- व्यापार
3- सांस्कृतिक विरासत।