
मऊ: आगामी विधान सभा के चुनाव को देखते हुए आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। वहीं प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी भारतीय जनता पार्टी को घेरने में सभी दल लगे हुए हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता व समाजवादी पार्टी के फाउंडर मेम्बर रहे जय प्रकाश यादव ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, भाजपा ने पांच सालों में कोई कार्य नहीं किया है। केवल सपा के कार्यों के उद्घाटन पर उद्घाटन कर कार्य करने का नाटक किया जा रहा है।
जय प्रकाश यादव ने यहां तक कह दिया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे देख लीजिए, आज़मगढ़ में बने एयरपोर्ट जहां प्रधानमंत्री खुद उतरे, लखनऊ में मेट्रो का संचालन हो या आगरा से लखनऊ तक बने एक्सप्रेस-वे सारे कार्य अखिलेश यादव के कार्यकाल में है उसका उद्घाटन पर उद्घाटन कर भाजपा अपने कार्य को दिखा रही है।
जनता सब जान चुकी है। इनके झूठ का पर्दाफाश हो चुका है। जनता सब समझती है। इसलिए समाजवादी पार्टी 2012 से 2017 तक सपा सरकार के किये गए कार्यों को जनता के बीच ले जाकर दोनों सरकार के कार्यों की तुलना कर रही है। बढ़ती हुई महंगाई, जहां सरसों के तेल के आसमान छुते दाम, डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दामों से जनता परेशान है। जनता इस बार भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है।