अजय कुमार लल्लू का ऐलान, 22 में सरकार बनी तो खत्म होगी ठेका प्रथा
मेरठ: रविवार को मेरठ जिले में आयोजित वाल्मीकि महासम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ‘लल्लू’ ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा, कांग्रेस वाल्मीकि समाज का हिस्सा है और उसे उनकी चिंता है। अजय लल्लू ने इस दौरान ऐलान किया कि कांग्रेस की सरकार 2022 में बनी तो आउटसोर्सिंग सफाईकर्मियों को नियमित कर दिया जाएगा। साथ ही ठेका पृथा को भी खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, इस प्रस्ताव को कैबिनेट की पहली बैठक में लाकर पास किया जाएगा।
वाल्मीकि महासम्मेलन में प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए अजय कुमार ‘लल्लू’ ने कहा कि, प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और गुंडाराज चल रहा है। उन्होंने कहा, जिस शहर से मुख्यमंत्री आते हैं, उसी शहर में कानपुर के व्यापारी मनीष गुप्ता की हत्या कर दी जाती है, वो भी पुलिस वालों के द्वारा। सीबीआई जांच की बात भी तक कही जाती है, जब राजनीतिक दल और जनता प्रदर्शन करती है। उन्होंने कहा, प्रदेश में एक के बाद एक हत्याएं हो रहीं हैं। कई मामले तो ऐसे हैं, जिनमें जांच पूरी ही नहीं हुई।
20 अक्टूबर को मेरठ आ सकती हैं प्रियंका गांधी
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ‘लल्लू’ ने संकेत दिया है कि पार्टी महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा मेरठ में 20 अक्टूबर को जनसभा कर सकती हैं। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारी उनके आगमन की तैयारियों में जुट गए हैं।