
देश के 15 राज्यों में होगी पूर्ण बंदी, सियासी दलों के समर्थन का दावा
लखनऊ: आगामी 27 सितंबर को बुलाए गए भारत बंद की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसका ऐलान कर रहे संगठनों ने दावा किया है कि इसका असर पूरे देश में देखने को मिलेगा। कृषि कानूनों, एमएसपी की मांग, महंगाई, बेरोजगारी, नीजिकरण के विरोध में 15 राज्यों में पूर्ण बंदी रहेगी। भारत बंद के बाद भाजपा नेताओं का बहिष्कार करने की योजना है। यूपी समेत पंजाब, उत्तराखंड आदि राज्यों में भाजपा के खिलाफ ये संगठन मोर्चा खोलेंगे।
अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति और संयुक्त किसान मोर्चा के आवाह्न पर इस बंद के संबंध में कई राज्यों का दौरा करने के बाद अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव अतुल कुमार “अनजान” ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन कृषि कानूनों, सभी कृषि उत्पाद के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की कानूनी गारंटी, बिजली बिल 2020 की वापसी एवं 4 लेबर कोड रद्द करने की मांग को लेकर किसान संगठनों द्वारा आगामी 27 सितंबर को देशव्यापी भारत बंद के निर्णय पर सारे देश में जोरदार तैयारियां चल रही हैं।
सभी के समर्थन मिलने का दावा
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की सरकार की नीतियों के कारण बढ़ती हुई महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं के साथ अपमानजनक कार्रवाईया, तालाबंदी, नोटबंदी से पैदा गंभीर आर्थिक संकट और विकास दर के गिरने के खिलाफ तथा मोदी सरकार की सांप्रदायिक नीतियों के विरुद्ध भारत बंद को मजदूरों, ट्रेड यूनियनों, छात्र-युवा संगठनों, महिला संगठनों एवं छोटे व्यापारियों, लेखकों, कलाकारों के संगठनों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है।
आवश्यक चीजों को मिलेगी छूट
अतुल कुमार अजनान ने बताया कि 15 राज्यों में बंद की पूरी तैयारी हो चुकी है। तहसील से लेकर जिला, राज्य स्तर पर किसानों, ट्रेड यूनियनों, नौजवानों एवं अन्य सभी जन संगठनों की बैठक संपन्न हो चुकी है। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पांडिचेरी, केरल, आंध्र-प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटका सहित महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड, पूर्वी राज्यों में उड़ीसा, आसाम, मणिपुर में पूर्ण बंदी की पूरी संभावना है। हालांकि, बंद के दौरान दूध, एंबुलेंस, डीजल, पेट्रोल, गैस के टैंकर, सेना, स्कूली बच्चों के वाहन एवं रोगी बुजुर्गों को ले जा रहे यातायात के साधनों को बाधित नहीं किया जाएगा। यह बंद सुबह छह बजे से लेकर शाम चार बजे तक रहेगा।