
पूर्व सीएम कल्याण सिंह की अस्थि कलश यात्रा में उमड़ा हुजूम, दी गई श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और राजस्थान के राज्यपाल रह चुके स्वर्गीय कल्याण सिंह की सोमवार को अस्थि कलश यात्रा का स्याना नगर और क्षेत्र में पहुंचने के बाद उस पर पुष्प अर्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पूर्व सीएम कल्याण सिंह की अस्थि कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में वाहन और हजारों की तादाद में भीड़ के साथ फूलों से सजे हुए वाहन में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अस्थि कलश को नमन कर लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अस्थि कलश यात्रा में लोगों का हुजूम देखने को मिला।
सोमवार सुबह अस्थि कलश यात्रा के दौरान स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी के नेतृत्व में स्याना जिले की सीमा से जुड़े हुए गांव कुचेसर, कोटा कबूलपुर से अस्थि कलश यात्रा की शुरुआत की गई।
कस्बा बीबीनगर, गांव करौठी से होते हुए अस्थि कलश यात्रा स्याना पहुंची। नगर के प्रमुख बाजारों, गांव चांदपुर, बिगराऊं, लड़ाना, व अन्य गांव में ग्रामीणों द्वारा पुष्प वर्षा कर अस्थि कलश यात्रा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अस्थि कलश यात्रा में विधायक देवेंद्र सिंह लोधी, मंडल अध्यक्ष सचिन त्यागी, अमित त्यागी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।