टाइम्स स्क्वायर पर फहराया जाएगा सबसे बड़ा तिरंगा, 15 अगस्त का मनाया जाएगा जश्न
एफआईए के अध्यक्ष अंकुर वैद्य ने कहा कि संगठन का इरादा टाइम्स स्क्वायर पर हर साल तिरंगा फहराने का है। हम इस परंपरा को जारी रखना चाहते हैं।
भारत आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाएगा। लेकिन इस बार का भारत का स्वतंत्रता दिवस और भी खास होने वाला है, क्योंकि अमेरिका के टाइम्स स्क्वायर पर अब तक का सबसे बड़ा तिरंगा फहराया जाएगा। अमेरिका में एक प्रमुख भारतीय प्रवासी संगठन 15 अगस्त को न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर अब तक का सबसे बड़ा तिरंगा फहराएगा। यह तिरंगा बिलबोर्ड पर 24 घंटे के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।
खबरों के अनुसार, तिरंगा 6 फुट लंबा और 10 फुट चौड़ा होगा। वहीं, पोल की ऊंचाई 25 फुट है। न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल तिरंगा फहराएंगे। इस आयोजन में भारतीय मूल के अमेरिकी खिलाड़ी एवं शतरंज के इतिहास में सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर 12 वर्षीय अभिमन्यु मिश्रा और 17 वर्षीय समीर बनर्जी को भी सम्मानित करेंगें।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन-न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और कनेक्टिकट, 15 अगस्त को टाइम्स स्क्वायर पर तिरंगा फहराने के साथ शुरू होने वाले दिन भर के समारोहों की मेजबानी करेंगे। वहीं एम्पायर स्टेट बिल्डिंग को भारतीय तिरंगे के रंगों में रौशन किया जाएगा और समारोग का समापन हडसन नदी पर एक शानदार क्रूज पर होगा। इस क्रूज पर शीर्ष सरकारी अधिकारी, विशिष्ट अतिथि और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य भाग लेंगे।
एफआईए के अध्यक्ष अंकुर वैद्य ने कहा कि संगठन का इरादा टाइम्स स्क्वायर पर हर साल तिरंगा फहराने का है। हम इस परंपरा को जारी रखना चाहते हैं। इस साल हम, टाइम्स स्क्वायर पर जो तिरंगा फहराएंगे वह यहां फहराए गए अब तक के तिरंगों में सबसे बड़ा होगा। बता दें कि पिछले साल भी स्वतंत्रता दिवस पर टाइम्स स्क्वायर पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। यह पहली बार था जब न्यूयॉर्क शहर में भारतीय तिरंगा फहराया गया था।
यह भी पढ़ें- ट्विटर का चला कांग्रेस पर चाबुक, बंद किया पार्टी का आधिकारिक अकाउंट