![](/wp-content/uploads/2021/06/WhatsApp-Image-2021-06-25-at-11.17.49-PM.jpeg)
यूपी को मिला पहला स्थान, प्रदेश के इन शहरों ने भी हासिल किया मुकाम
केंद्र सरकार के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत यूपी के 10 स्मार्ट शहरों में परियोजनाओं को बेहतरीन तरीके से लागू करने के लिए उत्तर प्रदेश को देश में पहला स्थान मिला है। इंडिया स्मार्ट सिटीज कॉन्टेस्ट में प्रदेश को पहला, MP को दूसरा और तमिलनाडु को तीसरा स्थान मिला है। स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना और प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के 6 साल पूरे होने पर केंद्रीय शहरी एवं आवास मंत्रालय ने २५ जून को दिल्ली में हुए कार्यक्रम में इन पुरस्कारों की घोषणा की। यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने इस उपलब्धि के लिए अधिकारियों शुभकामनाएं दी है।
स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत देश की चयनित 100 स्मार्ट सिटीज में यूपी के आगरा को पहला और बनारस को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। स्मार्ट सिटी पुरस्कारों के अलग-अलग सेगमेंट में इकोनॉमी प्रोजेक्ट के लिए आगरा को तृतीय स्थान और माइक्रो स्किल डेवलपमेंट सेंटर्स के निर्माण और सफल उत्कृष्ट संचालन के लिए द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
इसी प्रकार वाटर प्रोजेक्ट अवॉर्ड में बनारस को असी नदी के पर्यावरणीय पुनरुद्धार के लिए प्रथम और स्मार्ट सिटी लीडरशिप अवॉर्ड में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। जबकि कोरोना इनोवेशन श्रेणी में बनारस को और मुंबई के कल्याण-डोंबिवली के साथ संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया गया है। इसी श्रेणी के चौथे चक्र में चयनित स्मार्ट सिटी में सहारनपुर को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 10 शहरों का चयन अलग-अलग चरण में किया गया। पहले राउंड में राजधानी लखनऊ, दूसरे चरण में कानपुर, आगरा, बनारस, तीसरे चरण में प्रयागराज, अलीगढ़ व झांसी और चौथे चरण में बरेली, सहारनपुर और मुरादाबाद का चयन किया गया था।
यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के लागू हुए छह साल होने पर दूसरे ग्राउंड में देशभर में चयनित 100 शहरों के बीच आईएसएसी में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों व शहरों के नाम की घोषणा की है।