
प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा और जितिन प्रसाद को मिली बड़ी जिम्मेदारी,जानें ..
प्रदेश बीजेपी मुख्यालय में भाजपा कोर टीम की बैठक में पूर्व नौकरशाह और बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष MLC अरविंद कुमार शर्मा और अभी हाल ही में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद को 2022 विधानसभा चुनाव के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी गई। एके शर्मा को माइक्रो लेबल तक संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने और जितिन प्रसाद के कंधों पर ब्राम्हण समाज को जोड़ने का जिम्मा डाला गया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष की अध्यक्षता में यह बैठक आहूत हुई। जिसमें मुख्यमंत्री योगी के साथ ही पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री प्रमुख रूप से शामिल थे।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष MLC अरविंद कुमार शर्मा को बुलाने के साथ ही तय हो गया कि उनका पार्टी में महत्व और कद बना रहेगा। MLC व प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एके शर्मा प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। परिसर में स्थित मंदिर में दर्शन किये और हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए वह अंदर चले गए । परिसर में मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में सिर्फ इतना बोले कि प्रदेश उपाध्यक्ष बनाने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार। इसके बाद हर-हर महादेव बोलते हुए वह अंदर गए। एके शर्मा ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को पत्र लिखकर प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर आभार व्यक्त किया था।