फतेहपुर में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की स्वामी प्रसाद मौर्य को नसीहत
फतेहपुर।
रामचरित मानस और साधु-संतों पर दिए गए बयान पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्या को बड़ी नसीहत दी है। उन्होंने कहा, स्वामी प्रसाद मौर्य अभी और अध्ययन करें तब बात करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा, प्रभु उन्हें सद्बुद्धि दें। उन्हें रामचरित मानस के बारे में अभी बहुत पढ़ना चाहिए। जिससे उन्हें तथ्यों की सही जानकारी हो। कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को एमएलसी चुनाव प्रचार को लेकर फतेहपुर में थे। यहाँ पर प्रेक्षागृह में हुए कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाबूलाल तिवारी को जिताने की अपील की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, सह संयोजक कुलदीप भदौरिया सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहें।
सरदार पटेल प्रेक्षागृह में इलाहाबाद-झाँसी शिक्षक निर्वाचन चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। यहाँ पर कई विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक मौजूद रहे। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। अपने संबोधन के दौरान कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजनाओं की प्रशंसा की। उन्होंने शिक्षकों से कहा, आप लोग शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से जिताएं। जिससे शिक्षकों के लिए सरकार की योजनाओं को लागू करने में कोई अवरोध न हो। तो वहीं जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, स्वामी प्रसाद मौर्य को जानकारी एकत्रित करना चाहिए, अध्ययन और मनन करना चाहिए। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की सरकारों में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जाता था। यह सभी घटनायें आतंकी ही करते थे। स्वामी प्रसाद मौर्य ऐसे बयान देकर जातिवाद और क्षेत्रवाद को बढ़ावा दे रहें है। मैं प्रभु से कामना करना करता हूं कि उन्हें सद्बुद्धि दें।