योगी कैबिनेट में 24 प्रस्ताव, पांच दिसंबर से शुरू होगा शीतकालीन सत्र
ट्रेनी जज के कार्यकाल को एक साल से बढ़ाकर दो साल कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक प्रतिमान नीति में संशोधन किया गया
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट बैठक संपन्न हुई। इसमें 24 अहम प्रस्ताव पास किए गए। इस दौरान यूपी की पर्यटन नीति से जुड़े प्रस्ताव पर भी मुहर लग गई है। इसमें सरकार प्रदेश में बने पुराने महलों को हेरिटेज होटल में बदलने के लिए मदद करेगी। इसके अलावा विलेज स्टे के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में भी सहायता की जाएगी। विलेज स्टे योजना के तहत पुराने घरों को सुधारने की भी योजना है, जिससे यूपी में टूरिज्म बढ़ेगा।
मैनपुरी उपचुनाव: भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने दाखिल किया नामांकन
कैबिनेट बैठक के बाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि संभल में स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। दो प्राइवेट यूनिवर्सिटी का प्रस्ताव भी पास किया गया है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र पांच दिसंबर से शुरू होगा। उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल की तीन वाहिनी के वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिसमें 244 नए वाहन खरीदे जाएंगे। पुराने वाहनों को नीलाम किया जाएगा।
मेरठ-गाजियाबाद में खुलेंगी प्राइवेट यूनिवर्सिटी
कैबिनेट बैठक में दो प्राइवेट विश्वविद्यालय का प्रस्ताव पास किया गया है, जिसमें से पहला HRIT गाजियाबाद और दूसरा महावीर विश्वविद्यालय मेरठ है। इसके अलावा संजय गांधी स्नातकोत्तर विश्वविद्यालय में क्रिटिकल केयर के 12 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है। अब तक क्रिटिकल केयर के 20 बेड हैं, जो अब बढ़कर 32 बेड हो जाएंगे।
ट्रेनी जज का कार्यकाल बढ़ाया गया
हाईकोर्ट के ट्रेनी जज के कार्यकाल को एक साल से बढ़ाकर दो साल कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक प्रतिमान नीति में संशोधन किया गया। इसके तहत 40 हजार करोड़ का निवेश किया जाएगा। राज्य में तीन उत्कृष्टता केंद्र बनाए जाएंगे। चार लाख रोजगार भी दिए जाएंगे।
एससी–एसटी किसानों को 100 फीसदी छूट
घर पर लगने वाले सोलर रूफटॉप पर भी छूट दी जाएगी। शिक्षण संस्थाओं को सब्सिडी दी जाएगी। किसानों को नई ऊर्जा नीति से फायदा दिया जा रहा है। अनुसूचित जनजाति के किसानों सोलर प्लॉट को 100 फीसदी छूट देंगे, जबकि अन्य किसानों को 90 फीसदी की छूट दी जाएगी।