PoliticsTrendingUttar Pradesh

पीएम मोदी के विजनरी नेतृत्व से विश्व में जमी भारत की धमक: सीएम योगी

गोरखपुर में वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठक सह 'टिफिन पर चर्चा' में बोले मुख्यमंत्री

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ वर्ष के सफलतम कार्यकाल में भारत की धमक पूरे विश्व में जमी है। यह देशहित में पीएम मोदी के विजनरी नेतृत्व और अनथक परिश्रम का प्रतिफल है। आज संकट के समय दुनिया भारत और पीएम मोदी के प्रति ही आशा भरी निगाहों से देखती है।

सीएम योगी रविवार को मोदी सरकार के नौ वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे महासंपर्क महाभियान के अंतर्गत गोरखपुर शहर विधानसभा की वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठक सह ‘टिफिन पर चर्चा’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि जब हम अपनी बात व उपलब्धियों को स्वयं बताते हैं तो इसका उतना महत्व नहीं होता। पर, जब दुनिया हमारी उपलब्धियों को मानती है और सम्मान देती है तो यह वास्तविक सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले के हालात क्या थे, वैश्विक मंच पर भारत की क्या स्थिति थी, इसे सभी जानते हैं। और, 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्या सकारात्मक बदलाव आया है यह भी देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है।

चमत्कारिक नेतृत्व से बढ़ाई वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा

सीएम योगी ने कहा कि 2014 के पहले भारत के नागरिकों, प्रवासियों, भारतवंशियों को वह सम्मान नहीं मिलता था जिसके वह हकदार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष के कार्यकाल में भारतीय नागरिकों, प्रवासियों व भारतवंशियों का समूचे विश्व में सम्मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के तीन देशों की यात्रा के अभूतपूर्व क्षणों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और प्रधानमंत्री जी के प्रति बढ़े आकर्षण से हर भारतीय को गर्व है। पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने प्रोटोकॉल तोड़कर सूर्यास्त के बाद पीएम मोदी की न केवल अगवानी की बल्कि पैर छूकर उनका अभिवादन भी किया।

उन्‍होंने कहा कि फिजी व पापुआ न्यू गिनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी इज़ बॉस कहकर देश का सम्मान बढ़ाया तो अमेरिका के राष्ट्रपति उनका ऑटोग्राफ लेने को लालायित दिखे। यह सब देश के नेतृत्व के सामर्थ्य का परिचायक है। सीएम योगी ने कहा कि संकट की हर परिस्थिति में 140 करोड़ देशवासियों के साथ खड़े होकर, सबके दिलों में राज करने का चमत्कारिक नेतृत्व देकर प्रधानमंत्री ने वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।

 पीएम मोदी के विजनरी नेतृत्व से विश्व में जमी भारत की धमक: सीएम योगी

उग्रवाद, अलगाववाद व नक्सलवाद पर लगाम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमा सुरक्षा के मामले में भी भारत बेहद मजबूत हुआ है। आज भारत की सीमाओं पर कोई टेढ़ी नजरों से नहीं देख सकता। सीमाओं पर कब्जा करने या आतंकी गतिविधियों का दुस्साहस नहीं कर सकता। यदि कहीं कोई घटना हो गई तो दुनिया के देश सफाई देने लगते हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने स्वाभिमान व सम्मान की रक्षा करना सीखा है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले कश्मीर में उग्रवाद, पूर्वोत्तर के राज्यों में अलगाववाद व देश के 12 से 15 राज्यों में नक्सलवाद की समस्या चरम पर थी। आज कश्मीर में धारा 370 समाप्त होने से शांति, सौहार्द व विकास का माहौल है। वहां हुए पंचायत चुनाव में लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और भारतीय जनता पार्टी को भी बड़ा समर्थन मिला। पहले यह सिर्फ कल्पना थी अब वास्तविकता है।

सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान समय में पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मणिपुर व असम में भाजपा की सरकार है। नागालैंड व मेघालय में भी भाजपा के सहयोग से सरकार चल रही है। जबकि पहले पूर्वोत्तर के राज्यों में परमिट लेकर जाना पड़ता था। नक्सल प्रभावित राज्यों में नक्सली घटनाओं पर लगाम लगा है और वहां विकास की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ी है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में स्थापित हो रहे विकास के प्रतिमान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के प्रतिमान गढ़े जा रहे हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर, हाईवे रेलवे, एयरपोर्ट आदि सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। पीएम मोदी की परिकल्पना है कि हवाई चप्पल पहनने वाला नागरिक भी हवाई यात्रा कर सके। यह परिकल्पना पूरी होती नजर आ रही है। 1947 से 2014 तक देश में कुल 74 एयरपोर्ट थे, जबकि 2014 से 2022 के बीच 74 नए एयरपोर्ट बनाए गए हैं। 1947 से 2014 तक देश में सिर्फ 5 एम्स थे जबकि 2014 से 2022 तक 15 नए बनाए गए है।

उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से एक जिला एक मेडिकल कॉलेज की परिकल्पना को भी साकार किया जा रहा है। देश में प्रतिदिन 35 किलोमीटर हाईवे का विस्तार हो रहा है। रेलवे की नई परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। वाटरवेज (जलमार्ग) बनाए जा रहे हैं। हर एक स्तर पर विकास के जरिये नागरिकों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

सम्मानजनक जीवन का आधार बनीं जन कल्याणकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास के साथ ही जन कल्याणकारी योजनाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन जीने का आधार प्रदान किया है। उनका 9 वर्ष का कार्यकाल सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण को समर्पित है। आज किसी गरीब को यह चिंता नहीं होती है कि वह शाम को क्या खाएगा। कोरोना काल से ही देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी जा रही है। किसी भी गरीब महिला को बारिश में अब खाना पकाने की चिंता नहीं होती है, उज्जवला योजना से मिले निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन ने उसकी चिंता दूर कर दी है। किसी भी गरीब को अब घर की चिंता नहीं है, प्रधानमंत्री आवास योजना से 3.5 करोड़ गरीबों को पक्के मकान बना कर दिए गए हैं।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि 48 करोड़ गरीबों के बैंक खाते खोले गए और कल्याणकारी योजनाओं की धनराशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। यदि किसी ने भी उनसे घूस की मांग की तो उसके लिए जेल का रास्ता साफ है। इलाज की सुविधा के लिए 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना से पांच लाख स्वास्थ्य बीमा से कवर किया गया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग किसान, महिला, नौजवान, बुजुर्ग, निराश्रित, श्रमिक आदि सभी के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। कोई भी तबका इससे लाभान्वित होने से वंचित नहीं रहेगा।

गोरखपुर को मिली सौगातों से किया कार्यकर्ताओं को प्रेरित

सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी के नौ वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में एक माह तक चलने वाले 14 प्रकार के कार्यक्रमों से सभी कार्यकर्ताओं को जुड़ने का आह्वान किया। इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी के मार्गदर्शन में गोरखपुर को मिली विशेष सौगातों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में खाद कारखाना, एम्स और इंसेफेलाइटिस उन्मूलन सपना था। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से यहां 110 फीसद क्षमता से खाद कारखाना चल रहा है, एम्स भी खुल चुका है, इंसेफेलाइटिस भी नियंत्रण में है।

उन्होंने कहा कि भाजपा न केवल दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है बल्कि यह भारतीय मूल्यों, आदर्शों के प्रति समर्पित आमजन व कार्यकर्ताओं की पार्टी है। सीएम ने कहा किआमजन के हित में किए गए कार्यों का श्रेय भी पार्टी को मिलना चाहिए, इसके लिए ही माहभर के विशेष कार्यक्रम तय किए गए हैं। कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने साथ लाए टिफिन से सबके साथ भोजन किया।

 पीएम मोदी के विजनरी नेतृत्व से विश्व में जमी भारत की धमक: सीएम योगी

नि:स्वार्थ त्यागी व संत हैं मोदी-योगी: रवि किशन

इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी ने 9 साल के असंभव को संभव कर दिखाया है। दो स्वदेशी कोविड वैक्सीन इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। 2014 से पहले भारत क्या था, और आज क्या है यह पूरी दुनिया जान रही है। देश मे पीएम मोदी और यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास और जनकल्याण का कीर्तिमान स्थापित किया है। निस्वार्थ त्यागी, संत हैं मोदी-योगी। उनमें जनहित में दृढ़ निर्णय लेने की क्षमता है।

भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला जबकि संचालन कार्यक्रम संयोजक शशिकांत सिंह व आभार ज्ञापन प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महानगर प्रभारी नीलम सोनकर ने किया। इस अवसर पर महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिन्हा, पूर्व राष्ट्रीय सचिव विनोद पांडेय, पूर्व महापौर सीताराम जयसवाल, अंजू चौधरी, सत्या पांडेय, राधेश्याम श्रीवास्तव, पुष्पदंत जैन, चिरंजीव चौरसिया, रमेश सिंह, विश्वजितांशु सिंह आशु, राकेश सिंह पहलवान, इंद्रमणि उपाध्याय, ओमप्रकाश शर्मा, रणविजय शाही, अच्युतानंद शाही, देवेश श्रीवास्तव, बृजेशमणि मिश्रचन्दन आर्या समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, पार्षद व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: