परिक्रमा यात्रा के जरिए किसानों को साधेगी बीजेपी, किसान मोर्चा का प्लान तैयार
लखनऊ: आगामी लोकसभा चुनाव में जीत का परचम लहराने और फिर एक बार नरेन्द्र मोदी की सरकार बनवाने के लक्ष्य के साथ भाजपा चुनावी मैदान में उतर चुकी है। अलग-अलग सम्मेलनों के जरिए भाजपा जनता के बीच पहुंच रही और केंद्र-प्रदेश सरकार की नीतियों का बखान कर रही है। इसी कड़ी में अब भारतीय जनता पार्टी यूपी के सभी गांवों में परिक्रमा यात्रा निकालने जा रही है।
लोकसभा चुनाव से पहले किसानों के दरवाजे पर भाजपा पहुंचने की तैयारी में है। किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को दूर किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा गांवों में किसान चौपाल लगाएगी। किसानों के फीडबैक को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। किसान मोर्चा भूतपूर्व सैनिकों और सेवानिवृत पुलिस कर्मियों को भी अपने मोर्चे से जोड़ेगी। लोकसभा चुनाव से पहले किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली का तोहफा देने की भी तैयारी की जा रही है। परिक्रमा यात्रा के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा।